मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के नेहरू इंटर कॉलेज मंसाछापर के खेल मैदान में शहीद बाबूराम की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान मंसाछापर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छपरा की टीम को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच के मुख्य अतिथि पडरौना नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष जायसवाल ‘बुलबुल’ ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई भी दी।
मैच का पहला हाफ मंसाछापर के नाम रहा। आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मंसाछापर की टीम ने दो शानदार गोल दागकर बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में छपरा की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए एक गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन इसके बाद दोनों टीमों के प्रयासों के बावजूद कोई गोल नहीं हो सका। निर्धारित समय समाप्त होने पर मंसाछापर की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।