तरयासुजान (कुशीनगर)। तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवही दयाल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है।
गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कुशीनगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जवही दयाल गांव निवासी राकेश खरवार को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में युवक चीखता-चिल्लाता दिखाई दे रहा है। मारपीट के मामले में अभिषेक, मुकेश और विनोद के नाम सामने आए हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने वालों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
उधर, गंभीर हालत में राकेश को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी महाकाल गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई तो आरोपी गांव से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक, मुकेश और विनोद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। उसकी हालत गंभीर है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।