कुशीनगर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर गांव निवासी लापता फॉर्मासिस्ट गौसे आलम की दोस्त ने अपने परिजनों और रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या कर दी। बृहस्पतिवार को सिसवा रेगुलेटर के पास बड़ी गंडक नदी के किनारे कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर दोस्त समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया।
पूरे दिन घटना से जुड़ी छानबीन के लिए पुलिस गांव में जमी रही। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, इस घटना में अभी और लोगों का नाम सामने आ सकता है।
कुख्यात पशु तस्करों के गांव से मसहूर बसहिया बनवीरपुर गांव निवासी एजाजुल हक का बेटा गौसे आलम (25) और गांव का ही इसका दोस्त अनमोल कुशवाहा मिलकर गांव के चौराहा पर आस्था हास्पिटल एंड क्रिटकल केयर के नाम से निजी अस्पताल चलाते थे। 23 सितंबर 2025 को गौसे आलम लखनऊ एक युवती से मिलने जाने की बात कह निकला और तब से नहीं लौटा।
उसी दिन रात में उसके मोबाइल से अनमोल के मोबाइल पर मैसेज आया कि ट्रेन छूट गई है। बस से जा रहा हूं। एजाजुल हक की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पता लगाने लगी। गौसे आलम का सिमकार्ड कभी-कभी चल रहा था। मैसेज भी अनमोल या उसके परिचितों पर आ रहा था। इसको लेकर पुलिस करीब दो महीने से भ्रम में थी कि गौसे आलम जिंदा है। सर्विलांस टीम ने अनमोल और गौसे आलम के मोबाइल का लोकेशन 23 सितंबर को ट्रेस किया तो एक पास मिला। इसके बाद पुलिस अनमोल को हिरातस में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो सच्चाई उगल दिया।
इसके बाद पुलिस ने सिसवा रेगुलेटर के पास से कंकाल बरामद किया। पुलिस इस मामले में एजाजुल हक की तहरीर पर अनमोल कुशवाहा, इसका भाई अजय कुशवाहा, पिता शंभू कुशवाहा और अनमोल के बहनोई पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है, जो कंकाल मिला है। उसका डीएनए जांच कराया जाएगा। घटना में और लोगों के शामिल होने की आशंका है।