पडरौना। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर ने बुधवार को जिला कारागार देवरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल में कुशीनगर से संबंधित सिद्धदोष पुरुष बंदी 33, महिला चार, विचाराधीन पुरूष बंदी 680, विचाराधीन महिला बंदी 37, अल्पव्यस्क 34, सिविल बंद्री चार, अन्य बन्दी एक, महिला बंदी के साथ रह रहे बच्चों की संख्या तीन समेत कुल बंदियों की संख्या 793 मिली।
निरीक्षण के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने पाकशाला और बैरकों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने जिला कारागार में निरूद्ध बंदियों की समस्याएं सुनी, जिसमें निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार उपलब्ध कराने, नियमित रूप से बंदियों के लिए दवा उपलब्ध कराने और महिला कैदियों के साथ रह रहे उनके छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था कराने के लिए निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ला, कारापाल राजकुमार वर्मा, डिप्टी जेलर मोतीलाल वर्मा आदि मौजूद रहे।