पडरौना। प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के लिए परिवहन निगम प्रशासन की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले से प्रयागराज तक बसें संचालन के लिए बसों को चिह्नित किया जा रहा है। ये बसें सात फरवरी से 15 फरवरी तक संचालित होंगी।
माघ मेले में बड़ी संख्या में स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ती है। इनके लिए बड़ी संख्या में बसों की जरूरत होती है। इसके लिए परिवहन निगम ने डिपो की तरफ से बसों को प्रयागराज भेजने की तैयारी कर ली है। पडरौना डिपो में निगम की तरफ से 39 और अनुबंधित की 21 बसों का संचालन होता है। इनमें से प्रयागराज जाने वाले बसों को चिन्हित किया जा रहा है। एआरएम जयप्रकाश प्रधान ने बताया माघ मेला में दो ऐसे अवसर आएंगे, जब यात्रियों की भीड़ अधिक जुटेगी। एक मौनी अमावस्या व दूसरा बसंत पंचमी। तब अतिरिक्त बसों का संचालन कराया जाएगा। रास्ते में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसकी व्यवस्था की जा रही है।