- सुबह से ही मेडिकल कॉलेज में मरीजों व तीमारदारों की उमड़ रही भीड़
- दवा वितरण केंद्र पर भी लंबा इंतजार,तब आ रही मरीज की बारी
पडरौना। मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में स्वास्थ्य सुविधाएं बेपटरी दिखाई दे रही हैं। यहां दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सुबह पर्ची काउंटर से लेकर दवा वितरण तक के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। सबसे बुरा हाल एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड काउंटर का है। जहां सुबह से ही मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। घंटों कतार में खड़े होने के बावजूद मरीजों की जांच हो पाएगी कि इसकी कोई गारंटी नहीं है। इस अव्यवस्था को लेकर एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए पहुंच रहे मरीजों व तीमारदारों में आक्रोश तो है लेकिन बेबस हैं। मेडिकल कॉलेज में दो एक्सरे मशीन है,लेकिन एक मशीन करीब 15 दिन से खराब है,अभी एक माह इसे ठीक होने में लग सकता है।
मेडिकल कॉलेज में सोमवार की सुबह लेकर दोपहर बाद तक हर जगह मरीजों व तीमारदारों की भीड़ दिखाई दी। स्थिति यह रही कि पर्ची काउंटर पर सैकड़ों की संख्या में मरीज काउंटर खुलते ही कतार में लग गए। यहां अधिक संख्या होने के चलते कतार में खड़े मरीजों की बारी आने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा था। दवा वितरण काउंटर पर भी दोपहर बाद तक मरीजों व तीमारदारों की भीड़ बनी रही। हालात यह था कि यहां करीब दो घंटे बाद मरीजों के नंबर आ रहे थे। इसको लेकर कतार में खड़े मरीजों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन जा रही थी। कतार में खड़े मरीज इस अव्यवस्था के चलते काफी परेशान दिखाई दिए।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में भी हालात ठीक नहीं दिखाई दिया। यहां एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए जिले के विभिन्न जगहों से महिला, पुरूष , बच्चे व बुजुर्ग पहुंचे हुए थे। नाम न छापने की शर्त पर एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए पहुंचे मरीजों व उनके तीमारदारों ने कहा कि चार घंटे इंतजार करने के बावजूद यह तय नहीं है कि जांच हो पाएगा की नहीं। मरीजों के चेहरे पर अव्यवस्था का दर्द उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। बार-बार मरीज जांच के लिए काउंटर पर भीड़ के बीच पहुंचकर अपनी बारी का जानकारी लेते नजर आए। वहीं लगी पर्ची के मुताबिक स्वास्थ्य कर्मी मरीजों को जांच के लिए अंदर ले जा रहे थे। इसके अलावा जन औषधि केंद्र पर भी मरीजों व तीमारदारों की काफी भीड़ लगी हुई थी।
तीमारदार राकेश प्रजापति, रमेश सिंह, हरेंद्र प्रसाद, सुभावती देवी, गोविंद जायसवाल, मोहन मिश्र, संजीव खरवार, जोखन शर्मा ने बताया कि दवा के लिए एक घंटे से पर्ची लगाए हैं लेकिन अब तक नंबर नहीं आया है। यहां की हालात धक्का-मुक्की की बन जा रही है। काफी दिक्कत हो रही है। ऐसे में प्रशासन की ओर से कम से कम दो और दुकानें यहां पर संचालित की जानी चाहिए,ताकि मरीजों व तीमारदारों की परेशानी कम हो जाए।
मरीज बोले
मैं सुबह से घर से चला था कि काउंटर पर पर्ची बनवाकर तत्काल ओपीडी में चिकित्सक से उपचार करा लेंगे। लेकिन एक घंटे तक पर्ची काउंटर पर कतार में लगे रहे। जहां से पर्ची मिलने के बाद ओपीडी में लगी कतार में करीब दो घंटे बाद नंबर आया। वहां पर चिकित्सक ने पर्ची पर दवा लिख दी,लेकिन दोपहर बाद करीब डेढ़ बज रहा हैं लेकिन दवा वितरण केंद्र पर भीड़ के चलते करीब एक घंटे और इंतजार के बाद मिलने की संभावना है।
- राजेश चौधरी, भठहीं
मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन की ओर से दावे बड़े-बड़े किए जा रहे हैं लेकिन यहां की व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं। यहां पर्ची काउंटर,जांच व ओपीडी सहित दवा वितरण केंद्र तक कतार में ही लगकर घंटों इंतजार करने के लिए मरीज व तीमारदार मजबूर हैं। इसके चलते काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। - अतुल, सेमरा
-दो एक्सरे मशीन होने से सहूलियत होती थी, एक मशीन खराब हो गया है। उसे ठीक करने के लिए संबंधित कंपनी के इंजीनियर ले गए हैं। एक माह का समय लग सकता है। एक एक्सरे मशीन और मरीजों की अधिक भीड़ होने से दूसरे दिन मरीजों को एक्सरे के लिए बुलाया जा रहा है। गंभीर मरीजों का एक्स-रे सेम डे में करने का निर्देश दियाग या है। डॉ. दिलीप जायसवाल, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज कुशीनगर