तमकुहीरोड। क्षेत्र के लोगों ने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को मांग पत्र भेजा है। उन्होंने मांग पत्र में कहा है कि एक फरवरी को केंद्रीय बजट में तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के लिए चयनित किया जाना चाहिए। लोगों का कहना है कि तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन यूपी और बिहार सीमा से जुड़ा प्रमुख रेलवे स्टेशन है।
यहां से चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों सहित गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस, गोरखपुर-पाटलीपुत्र एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है, लेकिन स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, फुट ओवरब्रिज सहित तमाम जनसुविधाओं का अभाव है। यात्रियों को काफी दिक्कतें होती है। कप्तानगंज, पडरौना और थावे रेलवे स्टेशन को पहले ही अमृत भारत योजना के लिए चयनित किया जा चुका है।
यही नहीं दुदही, कठकुइयां व तरयासुजान सहित दूसरे रेल रूटों के स्टेशनों पर फुटओवरब्रिज के निर्माण के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा चुका है। अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि स्टेशन को आगामी बजट में अमृत भारत योजना के लिए चयनित कर लिया जाए तो इसका भी सौंदर्यीकरण के साथ आधुनिक प्रतिक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया विस्तार, फुट ओवर ब्रिज,उ न्नत शौचालय, बेहतर प्रकाश व सूचना प्रणाली की सुविधाओं का सौगात मिल सकता है।
चेयरमैन प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल, अभिषेक शुक्ल, दिनेश वर्मा,जयंत गुप्ता, राहुल सोनी आदि ने रेल मंत्री को मांग पत्र भेजकर अमृत भारत योजना में शामिल करने की मांग की है।