तहसील क्षेत्र के 20 बूथों पर होता है कम मतदान
प्रधान व सभासद घर-घर भ्रमण कर मतदान के लिए प्रेरित करें: एसडीएम
कसया(कुशीनगर)। तहसील कार्यालय में सोमवार को एसडीएम ने ग्राम प्रधान और सभासद के साथ बैठक की। इसमें बीते चुनाव में हुए कम मतदान वाले बूथ के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने और राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की तैयारी की गई।
कसया एसडीएम वरूण कुमार पांडेय ने कहा कि बीते विधानसभा व लोकसभा चुनाव में औसत से कम मतदान वाले बूथ से संबंधित गांव और वार्डों के ग्राम प्रधान एवं सभासद की अगुवाई में रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। इसमें एकत्र कोविड टीकाकरण से वंचित लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में कम मतदान वाले 20 बूथ चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान और सभासद घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि 24 से 26 जनवरी तक तहसील क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में टीकाकरण कैंप आयोजित किया गया है। इसमें कोविड टीकाकरण से वंचित लोग टीकाकरण कराएं। इस कार्य में सहयोग देने के लिए बीईओ सत्येंद्र कुमार पांडेय को लगाया।
इस दौरान नायब तहसीलदार शैलेश कुमार सिंह, रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन राजन मिश्र, राजन तिवारी, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी, सभासद रामअधार यादव, विजय सिंह, केशव सिंह, मनोज कुमार गुप्त, विनोद सिंह, रूस्तम कुरैशी, मोहन लाल शर्मा, अरविंद कुशवाहा, मायालाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद, विवेकानंद दूबे आदि मौजूद रहे।