पडरौना। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को श्रम विभाग की ओर से चिकित्सा विभाग के सहयोग से नौका टोला चुंगी, रामकोला रोड पर श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में 24 श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश तिवारी और आरबीएसके टीम ने श्रमिकों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि शिविर के दौरान श्रमिकों को श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र श्रमिकों का विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कर श्रम कार्ड बनाए गए। इसके साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रमिकों का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डिजिटल लेबर चैक ऐप पर भी पंजीकरण कराया गया।
इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, पंकज सिंह, शशि शेखर मिश्रा, संदीप मल्ल, पूजा कुशवाहा, राजेश, जितेंद्र, रामकेवल, शैलेष, जवाहिर, रामराज, महेंद्र आदि मौजूद रहे।