संवाद न्यूज एजेंसी गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। फाजिलनगर कस्बे के होनहार की चमक अब फैलने लगी है। कस्बे के क्रिकेट खिलाड़ी सूरज सिंधु जायसवाल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट रणजी के बाद अब लिस्ट ‘ए’ की विजय हजारे ट्रॉफी में वनडे की ओर कदम बढ़ाया है। इसके लिए चयन के बाद सूरज ने बड़ौदा के खिलाफ मैच में डेब्यू किया। उनके अलावा इस टीम में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, मो. शमी को भी शामिल किया गया है।
2024-2025 सत्र में बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) की देखरेख में होने वाले लिस्ट ‘ए’ की विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से चयनित 20 सदस्यीय टीम में भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार के साथ फाजिलनगर कस्बे के स्व रामस्नेही जायसवाल के पुत्र सूरज जायसवाल का भी चयन किया गया। सूरज ने इसी साल जनवरी में प्रथम श्रेणी क्रिकेट रणजी ट्रॉफी के लिए डेब्यू कर धमाल मचाया था। इसके बाद नवंबर माह में भी रणजी में सूरज ने अच्छी गेंदबाजी की, जिसकी बदौलत विजय हजारे की वनडे टीम में उनका चयन हुआ।
हैदराबाद में बड़ौदा के खिलाफ मैच में बंगाल टीम के कोच अरूप भट्टाचार्य ने सूरज को कैप देकर डेब्यू कराया। सूरज के इस उपलब्धि पर माता सुदामा देवी, भाई दीनबंधु जायसवाल, दयासिंधु जायसवाल, कृपा सिंधु जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त की है।