कसया (कुशीनगर)। घाघी नदी के किनारे घने जंगल में गोवंशीय पशुओं के वध की तैयारी की सूचना पर बुधवार को कसया पुलिस ने छापा मारा। टीम ने मौके से दो बछड़ों को मुक्त कराकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार एक गाेवंश की गर्दन पर धारदार हथियार से कटने का घाव मिला जबकि दूसरे की गर्दन पर रस्सी कसी हुई थी। मौके से धारदार बांका और रस्सी भी बरामद किया गया।
कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुड़वा दिलीपनगर गांव के फूलवापट्टी टोले में घाघी नदी के किनारे घने जंगल में कुछ लोगों ने गोवंशीय पशुओं को वध के इरादे से बांधकर रखा है। उनके पास धारदार हथियार भी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों की आड़ से निगरानी करने लगी।
पुलिस के अनुसार, वहां तीन युवक दो गाेवंश को रस्सी से बांधकर रखे हुए थे। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।