- विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरीश्रीराम का मामला, एक माह में दर्ज हो चुके है तीन मामले
दुदही। विशुनपुरा क्षेत्र के गौरीश्रीराम में बृहस्पतिवार को दिन में करीब दो बजे धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एक सप्ताह में धर्म परिवर्तन का यह दूसरा मामला सामने आया है। यह रैकेट विशुनपुरा थाना क्षेत्र में गांवों में फैला हुआ है। पूर्व के मामलोें में पुलिस केस दर्ज कर धर्मांतरण कराने वाली महिला को जेल भेज चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरीश्रीराम चौराहे के पास राधेश्याम उर्फ जटा खरवार के दरवाजे पर बृहस्पतिवार को लोगों की भीड़ लगी थी। ग्र्रामीणों का आरोप है कि वहां रामजी सोनकर निवासी ग्राम कठकुइयां थाना कुबेरस्थान निवासी 25 से 30 महिला-पुरुषों को जुटाकर अंधविश्वास फैला रहा था। बताया जा रहा था कि ईसा मसीह की प्रार्थना करने से सभी असाध्य रोग, जादू-टोना की परेशानी दूर हो जाती है। आसपास के लोगों की सूचना पर स्थानीय पुलिस दिन में करीब दो बजे मौके पर पहुंची तो भगदड़ मच गई। पुलिस मौके से राधेश्याम उर्फ जटा खरवार गौरीश्रीराम, रामजी सोनकर निवासी ग्राम कठकुइयां थाना कुबेरस्थान, चंद्रिका यादव उर्फ ढोढ़ा ग्राम रामपुर जमुनिया थाना बरवापट्टी को हिरासत में लेकर चली गई। विशुनपुरा थाना क्षेत्र में एक माह में तीन केस धर्म परिवर्तन के सामने आ चुके हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष अमित शर्मा का कहना है कि एक घर में चार पांच लोग बैठे थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। इसकी जांच की जा रही है।