कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 26 शहीद अमीय त्रिपाठी नगर में सोमवार की शाम को मासूम को आवारा कुत्तों के नोचने की फुटेज देख लोग सहम जा रहे हैं। गंभीर रूप से जख्मी अनिक की हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन प्रशासन कुत्तों की धर पकड़ के लिए अभी कोई कदम नहीं उठा सका है। इससे पीड़ित परिवार के अलावा मोहल्ले के लोग भी दहशत में हैं।
वार्ड नंबर 26 अमिय त्रिपाठी नगर में विजय सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की शाम को आवारा कुत्तों ने पांच साल के मासूम अनिक को दरवाजे से खींचकर नोचने लगे। पड़ोस की महिला प्रीति सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मासूम को कुत्तों के चगुंल से निकालकर उसकी जान बचाई।
यह खबर बुधवार को अमर उजाला अखबार में मुख्य पृष्ठ पर प्रकाशित होने के बाद इस भयानक मंजर को जान कर हर किसी की रूह कांप उठी। नई जिंदगी पाने वाले अनिक अपने ऊपर हुए इस हमले को अभी भूल नहीं पा रहा है और सहमा हुआ है।
घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी वह न तो ठीक से खा रहा है और न सो पा रहा है। रात को अचानक नींद से उठकर चीखते हुए मम्मी बचाओ... मम्मी बचाओ... बोलने लग रहा है। माता रिंकू सिंह और पिता विजय सिंह भी अपने मासूम को लेकर गहरे सदमे में हैं। शरीर में अनगिनत जख्म के माध्यम से फैले आतंकी कुत्तों के जहर से बच्चे को बचाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं।