सड़कें हो गईं ऊंची, तार-पोल नीचे
शहर में सड़कों की ऊंचाई और चौड़ीकरण के कारण बिजली के खंभे और तार काफी नीचे आ गए हैं। यह स्थिति रामकोला रोड, कुबेरस्थान रोड, कसया रोड, जटहां बाजार रोड, मेन बाजार रोड, तिलक चौक सहित कई स्थानों की है। कई जगह तो तार इतनी खराब दशा में हैं कि उन्हें डंडे के सहारे बांधा गया है। जहां यह हादसा हुआ, वहां सड़क ऊंची हो गई है, लेकिन तार-पोल पहले की दशा में ही हैं। हादसे की वजह असावधानी और इस तरह के तार-पोल ऊंचा न किया जाना भी लोग बता रहे हैं।
उत्सव का माहौल बदल गया मातम में
बताया जाता है कि मारवाड़ी समाज की तरफ से वर्ष 2017 में श्याम मंदिर की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष फाल्गुन मास की एकादशी को श्री श्याम निशान पदयात्रा निकाली जाती है। शहर के मारवाड़ी समाज के अलावा दूर से भी लोग इसमें शामिल होते हैं। यह आयोजन भव्य तरीके से होता है। उत्सव का वातावरण होता है। इस बार भी भव्य तरीके से यह निशानयात्रा निकाली गई थी, लेकिन हादसे के बाद पूरा वातावरण मातम में तब्दील हो गया। कोई जिला अस्पताल, कोई निजी अस्पताल तो कोई मृतक प्रभात बंका के घर पहुंचकर ढांढस बंधा रहा था।
पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने जताया शोक
मारवाड़ी समाज की तरफ से रविवार को निकाली गई निशान यात्रा के दौरान करंट से व्यवसायी प्रभात बंका के निधन पर पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने शोक जताया है। उन्होंने करंट की चपेट में आए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। रविवार को नगर में श्री श्याम निशान पद यात्रा निकाली गई थी। नगर के रामकोला रोड पर एचटी लाइन की चपेट में आने से प्रभात बंका की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए थे।