पडरौना। खाद्यान्न वितरण के लिए निर्धारित कमीशन में बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को कोटेदारों ने जिला पूर्ति अधिकारी को मांग पत्र सौंपा। कोटेदारों ने चेताया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे।
कोटेदार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामनरेश दूबे की अगुआई में शनिवार को कोटेदारों ने जिला पूर्ति अधिकारी को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन दिया। इसमें कमिशन बढ़ाने सहित अन्य मांगें की गई हैं। कोटेदार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों कमीशन में बढ़ोतरी व विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। जिम्मेदार अधिकारियों ने मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेताया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तो पांच दिसंबर को जिला मुख्यालय पर ई-पास मशीन जमा कर सामूहिक राशन वितरण कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विभूति पाठक, जिला सचिव प्रताप राय, पंकज राय, जुनैद अहमद, मंटू सिंह, सुरेंद्र प्रसाद , जयनारायण सिंह आदि मौजूद रहे।