शामपुर गांव के समीप टूटी खजुरिया शाखा नहर। सोशल मीडिया
कसया। तहसील क्षेत्र के गांव शामपुर के सामने शुक्रवार को खजुरिया शाखा नहर टूट जाने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नहर का पानी तेज बहाव के साथ खेतों में फैल गया, जिससे सैकड़ों एकड़ धान, गन्ना व अन्य फसलें जलमग्न हो गईं। पानी शामपुर गांव तक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार खजुरिया शाखा नहर महुआडीह, पिपरी, भैंसहा, सिरसिया, पकड़ीहवा, शामपुर और चकदेइया सहित कई गांवों से होकर देवरिया जनपद की ओर जाती है।
शुक्रवार को नहर में पानी छोड़े जाने के कुछ समय बाद शामपुर निवासी शंकर सिंह के खेत के समीप अचानक कटान हो गया। देखते ही देखते पानी आसपास के खेतों में फैल गया और किसानों की खड़ी फसल प्रभावित होने लगी। हाल ही में नहरों एवं ड्रेनेज की सफाई के लिए सरकार की ओर से विशेष अभियान चलाया गया था। ऐसे में नहर टूटने की घटना ने सफाई और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बांस-बल्लियों व रेत से भरे बोरों की मदद से कटान रोकने के प्रयास में जुट गए। विभागीय अधिकारियों ने जल्द स्थिति पर नियंत्रण पाने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ सुधीर कुमार नेबताया की मौके पर टीम भेजकर बधवाया जा रहा है।