20 साल बाद बदली कठकुइया रेलवे स्टेशन रोड की सूरत
रेलवे स्टेशन रोड का काम पूरा, सोमवार को होगा लोकार्पण
कुबेरस्थान थाने से लेकर कठकुइया बाजार तक आठ किलोमीटर सड़क का हो रहा निर्माण
मार्ग के बन जाने से राहगीरों को आवागमन में होगी आसानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। जिले में प्रमुख सड़कों के नवीनीकरण को गति मिलने लगी है। खराब सड़कों की दशा सुधारने के लिए पहल हुई है। कुबेरस्थान थाने से लेकर कठकुइया बाजार तक आठ किमी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके बन जाने से लोगों का आवागमन सुलभ हो जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस रोड का काम शुरू कराया गया है। वहीं कठकुइया रेलवे स्टेशन रोड का काम पूरा हो चुका है। करीब 20 साल से उपेक्षा की शिकार इस सड़क के बनने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
0000
कप्तानगंज-थावे रेल रूट पर स्थित कठकुइया रेलवे स्टेशन आसपास सैकड़ों गांवों के लोगों के लिए जीवन रेखा है। यहां से गुजरने वाली ट्रेन को पकड़ने के लिए यात्रियों को टूटी सड़क से गुजरना पड़ता था। करीब 20 साल से उपेक्षा की शिकार रेलवे की सड़क की मरम्मत के लिए केंद्र सरकार से बजट नहीं मिल पा रहा था। इसकी जानकारी होने पर सांसद विजय दुबे ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर नए सिरे से निर्माण कार्य कराने की मांग उठाई। इसके बाद सड़क के काम को मंजूरी मिल सकी। रेलवे अधिकारियों की सक्रियता से सड़क का काम पूरा हो चुका है। सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक की मौजूदगी में सड़क से आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा कुबेरस्थान थाने से लेकर कठकुइया बाजार तक करीब आठ किलोमीटर तक सड़क के जर्जर होने से बरसात में आमजन को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर इस सड़क के निर्माण की बारी आई। आठ किलोमीटर तक सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल करके निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। जल्द ही इसका काम पूरा हो जाएगा।
कठकुइया रेलवे स्टेशन रोड का काम पूरा हो चुका है। कुबेरस्थान से लेकर कठकुइया तक आठ किलोमीटर तक सड़क का निर्माण काम शुरू करा दिया गया है। जल्द ही इसे भी पूरा करा लिया जाएगा। इससे क्षेत्रीय जनता को काफी राहत मिलेेगी।
विजय दुबे, सांसद, कुशीनगर