कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के गोला बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी का 84 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया जाएगा। जिससे दुकानदारों के लिए हाट बाजार, पाथवे, सीसी रोड सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। इससे बाजार करने आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
कसया नगर के गोला बाजार स्थित पुरानी मंडी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए नगरपालिका परिषद ने योजना बनाई है। बाजार को सुसज्जित तरीके से बनाया जाएगा और इसका सुंदरीकरण किया जाएगा। मंडी में दुकानदारों के लिए गर्मी और बरसात से बचने के लिए हाट बाजार, परिसर में कीचड़ और बरसात में काफी दिक्कत हो रही थी इसके लिए आरसीसी और पाथवे का निर्माण कराया जाएगा। सुसज्जित तरीके से दुकान सजाने के लिए व्यवस्थित किया जाएगा। ताकि बाजार में आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो सके। इसके साथ ही मीट और मछली मंडी का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा।
नगर की पुरानी मंडी होने की वजह से इस मंडी में आज भी क्षेत्र के सैकड़ों गांव के लोग प्रतिदिन बाजार करने आते हैं। इस मंडी में सभी सामान मिलने की बात कही जाती है। बरसात के दिनों में इस मंडी की हालत काफी दयनीय हो जाती हैं। उसके हालत को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने इसके जीर्णोद्धार का योजना बनाई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करके इसके सुंदरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।