गांधी चौक से वेनेट क्लब तक चली जेसीबी
कसया में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में हटाया गया अतिक्रमण, ब्लॉक की टूटी चहारदीवारी
कसया(कुशीनगर)। नगर के गांधी चौक से वेनेट क्लब तक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मंगलवार को अतिक्रमण हटाया गया। इसमें ब्लॉक परिसर की चहारदीवारी भी तोड़ी गई। यह कार्य नगर को सुंदर, साफ व सड़क चौड़ीकरण के लि किया गया। सरकारी आवासीय भवन व कार्यालय भी तोड़े जाने शेष हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने बताया कि जाम की समस्या से निजात दिलाने व नगर को सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए गांधी चौक से चारों तरफ जाने वाले मार्गों का चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव है। इसे लेकर 10 दिन से ड्रोन सर्वे व थ्रीडी मैप तैयार किया गया है। चौड़ीकरण की जद में सरकारी भवन या उसकी चहारदीवारी आ रही है। चारों तरफ निकलने वाले मार्ग में पडरौना मार्ग, गोरखपुर, देवरिया व सपहां मार्ग शामिल हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने चौड़ीकरण के पहले फेज में गांधी चौक से गोरखपुर व पडरौना रोड को लिया है।
उन्होंने बताया कि फोरलेन की सड़क, फुटपाथ, अंडर ग्राउंड विद्युतीकरण व जलनिकासी के लिए आरसीसी नालों का निर्माण, पौधरोपण व आकर्षक लाइट लगाई जाएंगी। यह दोनों मार्ग राष्ट्रीय राजामर्ग-28बी हैं। इसके चौड़ीकरण की स्वीकृति एनएचएआई ने दे दी है।
अतिक्रमण हटाने की कड़ी में मंगलवार को ब्लॉक की चहारदीवारी को नगरपालिका के जेसीबी से तोड़ा गया। मलबे को हटाने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा गांधी चौक पर बना सीओ कार्यालय भी चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। अतिक्रमण हटाने के दौरान ईओ प्रेमशंकर गुप्ता, राजस्व निरीक्षक ब्रजेश मणि त्रिपाठी, नीलेश रंजन राव, अरविंद पति त्रिपाठी, ब्रजेश गौतम, डॉ. शैलेंद्र दुबे, परवेज आलम, श्रवण तिवारी, संजय प्रकाश भारती आदि मौजूद रहे।