कसया। नगर की सड़कों और पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने अभियान चलाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक के नेतृत्व में टीम ने देवरिया मार्ग, बस स्टेशन रोड और पडरौना मार्ग पर शहीद अमीय चौक तक जेसीबी चलाकर सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान सड़क किनारे रखा सामान और अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड भी हटाए गए।
अभियान शुरू होते ही सड़क किनारे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जेसीबी की मदद से पटरियों पर किए गए अस्थायी निर्माण और रखा सामान हटवाया। कार्रवाई के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को सड़क की पटरियों पर दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरपालिका परिषद के अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड और किए गए कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान के दौरान तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, राहुल खरवार, ईओ अंकिता शुक्ला, एसआई राहुल सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, मनोज द्विवेदी समेत तहसील प्रशासन और नगरपालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।