जमीन के विवाद में हुई फायरिंग
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर, मौके से कारतूस बरामद
गोड़रिया(कुशीनगर)। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के ठाढ़ीभार गांव के टोला इंद्रपट्टी में शुक्रवार रात करीब दस बजे जमीन के विवाद में एक व्यक्ति ने असलहे से फायरिंग कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की।
गांव के पुजारी कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर में बताया है कि वह दूसरे घर में सोए थे। रात करीब दस बजे गांव का ही एक व्यक्ति ने वहां पहुंचकर असलहे से फायरिंग कर दी। वह बाल-बाल बच गए। उनकी सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। कारतूस बरामद कर थाने ले गई। पीड़ित ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है। विशुनपुरा थाने के एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा है। पुलिस की जांच में कारतूस मिला है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।