गोरखपुर। रक्षाबंधन पर शहर में बढ़ी वाहनों की भीड़ ने यातायात व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी। शुक्रवार को शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति रही। नौसड़ पर हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। वाराणसी और लखनऊ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कई स्थानों पर चौराहा पार करने में लोगों को 45 मिनट से एक घंटे तक लग गया। खजांची, पादरी बाजार और मोहद्दीपुर में भी वाहन रेंगते रहे।
नौसड़ पर शहर की ओर आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबी कतार लग गई। वहीं, शहर से नौसड़ की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार फ्लाईओवर से उतरते ही थम गई। चौराहे के आसपास वाहनों की संख्या बढ़ने से दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने नौसड़ पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी सिटी ने भी शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर यातायात सामान्य कराने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कराई। पुलिसकर्मी वाहनों को आगे बढ़ाने और चौराहों पर फंसे यातायात को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
-
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती
नौसड़ में निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों और अतिक्रमण को जाम की प्रमुख वजह माना। उन्होंने नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का तत्काल चालान करने और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के साथ क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने को भी कहा। एसएसपी ने यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस को समन्वय बनाकर जाम की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।
-
त्योहार की भीड़ ने खोली व्यवस्था की पोल
रक्षाबंधन पर शहर में वाहनों का दबाव बढ़ना पहले से तय था। इसके बावजूद प्रमुख प्रवेश चौराहों पर यातायात संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नौसड़ के अलावा खजांची, पादरी बाजार और मोहद्दीपुर में भी दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा। बेतरतीब पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण ने समस्या को और बढ़ा दिया। त्योहार की भीड़ ने शहर के प्रमुख चौराहों की यातायात व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।