डिप्टी सीएम व उपायुक्त से शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परखी निर्माण कार्यों की स्थिति
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के नरचोचवा गांव में जल जीवन मिशन ग्रामीण योजना के तहत बिना पानी की आपूर्ति दिए ही गांव को संतृप्त कर दिया गया था। डिप्टी सीएम केशव मौर्या के पास शिकायत पहुंचने पर डीएम ने जांच बैठा दी है। शुक्रवार की दोपहर बाद डीएम के निर्देश पर उपायुक्त एनआरएलएम फैशल आलम और बीडीओ अखंड प्रताप मौके पर जांच करने पहुंचे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्य अभी पूरे नहीं हुए हैं, जबकि पोर्टल पर काम पूरा दर्शाते हुए 900 से अधिक पेयजल कनेक्शन लगाए जाने की जानकारी दर्ज कर दी गई है। शिकायत में निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति और पोर्टल पर दर्ज विवरण को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इसी गांव के अमरनाथ गोड़ ने इसकी शिकायत डिप्टी सीएम से की थी। इसी के मद्देनजर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
जांच के दौरान उपायुक्त ने गांव में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को देखा और अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित कार्यों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है और निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। फिलहाल जल निगम की ओर से गांव में अधूरे कार्यों को पूरा कराने की प्रक्रिया चल रही है।
डीएम को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट
अधिकारियों की ओर से मौके पर की गई जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। इसके बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि मौके पर जांच के समय शिकायतकर्ता अमरनाथ गौड़ मौजूद नहीं थे। शिकायतकर्ता अमरनाथ गौड़ का कहना है कि जांच के दौरान उन्हें नहीं बुलाया गया और न ही जांच के संबंध में कोई जानकारी दी जा रही है।
वर्जन
डीएम के निर्देश पर जांच हुई है। अभी कार्य अधूरा है, मौके पर कार्य प्रगति पर है। पानी की आपूर्ति भी अभी शुरू नहीं है। जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
अखंड प्रताप बीडीओ विशुनपुरा