कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सिपाही मिला पॉजिटिव
कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की कोविड जांच के लिए रविवार को कसया सीएचसी की रैपिड रिस्पांस टीम पहुंची। यहां जांच में तैनात एक पुलिसकर्मी एंटीजन टेस्ट में कोविड पॉजिटिव पाया गया। यहां कुल 24 पुलिसकर्मियों की जांच की गई। जांच के बाद टीम ने पुलिसकर्मी को दवा की किट देकर होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी।
इस टीम की अगुवाई कर रहे डॉ. एसके सिंह ने बताया कि जांच में कोविड संक्रमित पाए गए पुलिसकर्मी में गंभीर लक्षण नहीं थे। इसके अलावा टीम ने सेमराधूसी में कोविड जांच की। जहां एक युवक भी कोविड संक्रमित मिला। बचाव के लिहाज से टीम ने अगल-बगल के लोगों का एंटीजन जांच कर आरटीपीसीआर के लिए सैंपल लिया। इस टीम में एलटी संतोष गोंड, पूजा कुमारी, मधु मद्धेशिया, आजरा परवीन, करीना गुप्ता, अजीत यादव आदि शामिल थे।