कसया। डायरेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनऊ डॉ. राकेश शर्मा ने ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ बीके अग्रवाल और एनके वाजपेयी के साथ शनिवार की शाम सीएचसी में का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और इलाज के लिए आए रोगियों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों इमरजेंसी वार्ड के अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। भर्ती वार्ड, प्रयोगशाला, टीकाकरण कक्ष, चिकित्सकों के कक्ष, दवा कक्ष और लेबर रूम का निरीक्षण किया। टीम ने पूरे परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मार्कंडेय चतुर्वेदी ने अस्पताल में रखी डिजिटल एक्सरे मशीन के इंस्टालेशन, अल्ट्रासाउंड के लिए तकनीशियन की तैनाती और जर्जर आवास की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। टीम ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
निदेशक डॉ. राकेश शर्मा ने अस्पताल परिसर में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को वार्ड तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए जगह-जगह साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। महिला चिकित्सक डॉ. नेहा पाठक से प्रसव की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने बताया कि सीएचसी में प्रतिमाह 100 से अधिक प्रसव होते हैं। निरीक्षण के बाद टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। इस दौरान डॉ. आशुतोष पांडेय, डॉ. संजय कुमार सिंह, फार्मासिस्ट बशीर अहमद, बीसीपीएम श्रीप्रकाश, स्टाफ नर्स पूनम राव, वार्ड आया वंदना, आदर्श राव और कामोद पांडेय सहित अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।