जनपद में छठे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 13 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा की तरफ से कुशीनगर, फाजिलनगर व तमकुहीराज तथा भासपा की तरफ से रामकोला सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया गया। सपा की तरफ से कुशीनगर और कांग्रेस की तरफ से तमकुहीराज सीट के उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र भरा। भाजपा से बगावत कर दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया। बसपा की तरफ से पडरौना सीट के उम्मीदवार ने अपना नामांकन किया।
पडरौना विधानसभा क्षेत्र से बसपा उम्मीदवार जावेद इकबाल ने पर्चा भरा। यहां भाजपा से बगावत कर परशुराम मिश्र ने निर्दल उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस विधानसभा क्षेत्र से रालोद के कन्हैया पांडेय, बीएमपी के मोहम्मद इत्तेजारुल सिद्दीकी समेत सात लोगों ने पर्चा लिया।
तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा ने नामांकन किया। यहां से कांग्रेस के विधायक अजय कुमार लल्लू ने भी पर्चा भरा। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रहे श्रीकांत मिश्र ने निर्दल उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। बृहस्पतिवार को यहां से किसी ने पर्चा नहीं लिया।
रामकोला विधानसभा क्षेत्र से सुहेलदेव भारतीय समाजपार्टी के रामानंद बौद्ध ने नामांकन किया। यहां भासपा और भाजपा का गठबंधन है। यहां से सीडी गौतम, ममता चौधरी, बसपा के शंभू चौधरी, शेषमणि गौंड़, सपा से विधायक पूर्णमासी देहाती और रालोद से चंद्रिका सहित सात लोगों ने पर्चे लिए।
हाटा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार के रूप में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के राणा प्रताप सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा से पवन केडिया ने चार सेटों में पर्चा लिया।
कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार के रूप में कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी और भाजपा से रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने पर्चा भरा। यहां से निर्दलीय विद्यासागर सिंह ने पर्चा दाखिला किया। यहां के लिए दो लोगों ने पर्चे लिए।
फाजिलनगर से विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने दो सेटों में पर्चा दाखिला किया। इनके अलावा निर्दलीय नंदलाल गुप्त ने नामांकन पत्र जमा किया। यहां से तीन लोगों ने बृहस्पतिवार को पर्चे लिए। खड्डा विधानसभा क्षेत्र से जय हिंद जय भारत पार्टी से लक्षन प्रजापति ने नामांकन पत्र दाखिल किया। रालोद से धनंजय सिंह, भाजपा से जटाशंकर त्रिपाठी और निर्दलीय विजय यादव ने पर्चा लिया।