- कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए चलाया गया विशेष अभियान
महराजगंज। जनपद में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त कुल 49 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट और 11 पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा संगठित अपराध में लिप्त गिरोहों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाकर आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।