फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: भूमि विवाद में पटीदारों ने दिनदहाड़े चाकू घोंपकर युवक को मार डाला

Fri, 14 Nov 2025 01:52 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
तमकुहीराज (कुशीनगर)। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बहिराबारी गांव में जमीन के विवाद में बृहस्पतिवार की सुबह पटीदारों ने दरवाजे पर चढ़कर राकेश आर्या (19) नाम के युवक की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों की भी आरोपियों ने पिटाई कर दी। चाकू घोंपकर दिनदाहड़े की गई इस हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। तनाव को देखते हुए गांव में तीन थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के बहिराबारी निवासी राकेश के पिता राज कोकील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि पटीदार सुभाष से उनका जमीन का विवाद काफी दिन से चल रहा था। कुछ दिन पूर्व गांव के लोगों की मौजूदगी में पंचायत कर विवाद को खत्म कराया गया था। दोनों पक्ष ने जमीन की अदला-बदली कर ली थी। इसके बाद आरोपी पक्ष ने अपने हिस्से की जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कराकर कब्जा कर लिया।
राज कोकील का परिवार भी अपनी जमीन के कुछ हिस्से पर निर्माण करा चुका था। पंचायत के बाद हिस्से में मिली जमीन पर भी निर्माण कार्य की तैयारी थी, लेकिन विपक्षी काम नहीं करने दे रहे थे।
विज्ञापन

इसे लेकर दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे सुभाष, उसका बेटा डब्लू व सुभाष के भाई छोटेलाल, उसके बेटे रंजीत, राजन तथा बेटी लाठी-डंडा लेकर राज कोकील के दरवाजे पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने राज कोकील के बेटे राकेश आर्या के पेट व शरीर के कई हिस्सों में चाकू से वार कर घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने आई राकेश की मां रीना देवी, बहन नीतू को भी आरोपियों ने पिटाई कर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद भाग गए।
घायलों को पड़ोस के लोगों ने तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। मां और बहन का इलाज किया गया। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने खून से सना चाकू बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें