युवक ने लगाया पिटाई का आरोप, मुकदमा दर्ज
फाजिलनगर (कुशीनगर )। पटहेरवा थाना क्षेत्र के चौराखास चौराहे पर बुधवार की रात मामूली विवाद में कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी किए जाने का आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौराखास निवासी सतीश यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार की रात लगभग नौ बजे अपने गांव के चौराहे पर दवा लेने गए थे। उसी दौरान तरुअनवा निवासी एक युवक, जिससे एक दिन पूर्व कहासुनी हुई थी उसने कई युवकों की मदद से पकड़कर पिटाई कर दी। वहां मौजूद लोगों ने छुड़ाने का प्रयास किया तो पिस्तौल से फायर कर दिया। पटहेरवा थाने के एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग निकले। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एक ज्ञात तथा कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर फायर किए गए कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है।