जेपी हॉस्पिटल को सील करती टीम । संवाद
हाटा। नगर के कप्तानगंज मार्ग पर संचालित एक अवैध अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सील कर दिया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि अस्पताल संचालक के पास कोई पंजीकरण का कागजात नहीं था।
उसके बाद भी एक महिला का आपरेशन कर प्रसव कराया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हॉस्पिटल को सील कर मरीजों को सीएचसी पर एंबुलेंस से भेज दिया।
हाटा में स्वास्थ्य विभाग की टीम नोडल अफसर डॉ. मुकेश यादव, नायब तहसीलदार सुनील सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को कप्तानगंज रोड पर संचालित जेपी हॉस्पिटल पर शुक्रवार को पहुंचे। अस्पताल में दो मरीजों को आपरेशन केे बाद भर्ती कराया गया है। इसमें एक गर्भवती महिला का आपरेशन किया गया था। संचालक कोई कागजात नहीं दिखाया। जांच में पता चला कि अवैध तरीके से हॉस्पिटल का संचालन हो रहा है।
दोनों भर्ती मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाटा सीएचसी पर भेज दिया और हॉस्पिटल को सील कर दिया।इसके बाद टीम ने नगर के शारदा हास्पिटल पर पहुंची। जहां कोई मरीज नहीं मिला। उसके बाद टीम ने हाइवे पर स्थित संतोषी हास्पिटल पर पहुंची। अस्पताल का पंजिकरण था। दो मरीज भी भर्ती मिले, लेकिन मौके पर डाॅक्टर नहीं मिलने की वजह से इस अस्पताल को नोटिस जारी करने की बात कही गई। इसके बाद टीम एमएम हास्पिटल पहुंची, लेकिन वह बंद था। इसकी वजह से टीम वापस लौट गई।
इस दौरान हाटा सीएचसी के डाॅक्टर सुनील कुमार निषाद , हरिश्चंद्र, अजय कुमार यादव, कार्तिक पांडेय, अमरीश गुप्ता मौजूद रहे। इस कार्रवाई की वजह से अस्पताल संचालकों में खलबली मची रही। नोडल अफसर डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि किसी भी अवैध और मानक विहीन अस्पतालों को संचालित नहीं होने दिया जाऐगा। अभियान चल रहा है। सील किए गए अस्पताल संचालक पर सीएमओ के निर्देश के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।े