कहीं चहारदीवारी नहीं तो कहीं हैंडपंप खराब
अभिवावकों के खाते में रुपये जाने के बावजूद ड्रेस में नहीं दिख रहे विद्यार्थी
गुरवलिया बाजार(कुशीनगर)। कायाकल्प योजना के तहत परिषदीय स्कूलों को सुविधाओं से लैस करने का दावा भले किया जा रहा है, लेकिन स्थिति इसके विपरित दिख रही है। कई विद्यालयों में चहारदीवारी नहीं होने से विद्यार्थी असुरक्षित महसूस करते हैं। इन स्कूलों में जहां लावारिस मवेशी घुस आते हैं, वहीं ग्रामीण खेतीबाड़ी का सामान रख देते हैं। चिलचिलाती धूप में विद्यार्थी पानी के लिए भी तरस रहे हैं। कई विद्यालयों में विद्यार्थी बिना ड्रेस के भी दिखे। जबकि अधिकांश अभिभावकों के खाते में ड्रेस की रकम पहुंच चुकी है।
पड़ताल में संविलियन विद्यालय करमैनी परिसर में लगा हैंडपंप मिला। इससे विद्यार्थियों व शिक्षकों को परेशानी हो रही है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका है। प्रभारी प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार ने बताया कि विद्यालय के जर्जर भवन के लिए कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। विद्यालय में 282 विद्यार्थियों का नामांकन है। इनमें 193 उपस्थित रहे। कुछ विद्यार्थी बिना गणवेश के कक्षा में खेलते नजर आए।
संविलियन विद्यालय चंद्रौटा में भी चहारदीवारी नहीं है। प्रभारी प्रधानाध्यापक गोरखनाथ राय ने बताया कि यहां कीड़े-मकोड़े दिखते रहते हैं। मवेशियों के परिसर में आ जाने से विद्यार्थियों को परेशानी होती है। यहां भी 50 फीसदी विद्यार्थी स्कूल ड्रेस में नहीं दिखे। विद्यालय में 165 विद्यार्थियों का नामांकन है। इनमें 100 की उपस्थिति रही। यहां भी विद्यार्थियों के ड्रेस की व्यवस्था पूर्ण रूप से नहीं हो पाई है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय भेलया में प्रधानाध्यापक द्विवेंद्र मणि त्रिपाठी, सहायक अध्यापक कृपाशंकर चौधरी सहित अन्य सभी उपस्थित थे। यहां 86 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें 54 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। यहां सफाई व्यवस्था लचर दिखी। इंडिया मार्का हैंडपंप के पास गंदगी का अंबार लगा हुआ था। यहां कायाकल्प योजना के तहत विद्यालय की रंगाई-पुताई से कुछ तस्वीर बदली है, लेकिन यहां भी चहारदीवारी नहीं है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि जीव-जंतुओं के आने से विद्यार्थियों को पढ़ाने में असहजता होती है। प्राथमिक विद्यालय श्रीराम पट्टी विद्यालय सड़क के किनारे है, लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी नहीं है। प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक उपस्थित थे। प्रधानाध्यापक राघवेंद्र शाही के अनुसार 60 विद्यार्थियों का नामांकन है। इनमें 40 उपस्थित थे। यहां भी कुछ विद्यार्थी बिना ड्रेस के ही दिखे।
...
यहां उपलब्ध हैं सभी संसाधन
प्राथमिक विद्यालय भेलया अतरडीहा में 121 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें से 72 ने उपस्थिति दर्ज। प्रधानाध्यापक संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सभी संसाधन उपलब्ध हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से चहारदीवारी, पढ़ाई के लिए वॉल पेंटिंग सहित विद्यार्थियों में जिज्ञासा उत्पन्न की जाती है।
...
कोट
कायाकल्प योजना के तहत ग्राम पंचायत निधि से चहारदीवारी का निर्माण होना है। ग्राम प्रधान, सचिव को प्रधानाध्यापक ने सुरक्षा की दृष्टि से अवगत करा दिया है। यह योजना उन्हीं के जरिए पूर्ण हो सकती है। कुछ विद्यार्थियों के अभिभावक के खाते में ड्रेस का रकम भेजा गया है। उन्हें ड्रेस पहनकर स्कूल आना चाहिए।
अंकिता सिंह, खंड शिक्षाधिकारी, तमकुही