उजारनाथ। फर्जीवाड़ा कर अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के बाद जबरन जमीन में निर्माण कराने के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे विष्णुपति तिवारी की तबीयत मंगलवार को बिगड़ गई।
मौके पर डॉक्टरों की टीम और पुलिस के साथ पहुंचे तमकुहीराज एसडीएम ने विवादित जमीन को जब्त कराने का आश्वासन दिया। अनशनकारी को तमकुहीराज सीएचसी में भर्ती कराया। एसडीएम के आश्वासन भी अनशन खत्म कर दिया गया। तमकुहीराज ब्लॉक के भेलया शिव मंदिर परिसर में शनिवार से गांव के कुछ लोग आमरण अनशन पर बैठे थे। अनशनकारियों का आरोप था कि गांव का एक व्यक्ति चकबंदी अधिकारियों की मिलीभगत से काश्तकारी की जमीन पर अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया है और जमीन पर निर्माण करा रहा है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
आमरण अनशन की सूचना पर दूसरे दिन एसडीएम ऋषभ पुंडीर पहुंचे। उनका कहना था कि जमीन का मामला कोर्ट में लंबित है। इसके बावजूद अनशन खत्म नहीं हुआ।
वहीं मंगलवार को आमरण अनशन पर बैठे विष्णुपति तिवारी की तबीयत बिगड़ गई। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम, तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष संजय कुमार और सीएचसी के डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। विष्णुपति का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद बाद डॉक्टरों ने भर्ती करने की बात कही।
एसडीएम ने अनशनकारियों से बात की और थाने से रिपोर्ट मंगाकर विवादित जमीन को जब्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अनशन खत्म कर दिया गया। एसडीएम ऋषभ पुंडीर ने बताया जमीन का विवाद न्यायालय में लंबित है। पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद विवादित जमीन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। आमरण अनशन खत्म करा दिया है।