नारायनपुर गांव में आग लगने से जली घर।संवाद
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के नारायनपुर गांव में शनिवार देर रात रामनरेश यादव के पशु बाड़े में लगी आग ने उनका आशियाना भी राख कर दिया। पांच मवेशी झुलस गए। पशुओं को बचाने के प्रयास में रामनरेश यादव भी गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात भोजन के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। देर रात अचानक शोर सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो पशु बाड़े से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। आग तेजी से फैल रही थी और बाड़े में बंधे पशु उसकी चपेट में आ गए थे। परिवार के लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीण पहुंचे और आग बुझाने के साथ ही पशुओं को बाहर निकालने में जुट गए। गृहस्वामी रामनरेश यादव भी पशुओं को बचाने लगे। मवेशियों को बचाने के प्रयास में वे भी गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनका उपचार जारी है। उधर, आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
घटना की जानकारी होने पर रविवार को विधायक विवेकानंद पांडेय पीड़ित रामनरेश यादव के घर पहुंचे। उन्होंने आर्थिक मदद की और स्थानीय तहसील प्रशासन को आग से हुई क्षति का आकलन कराकर शीघ्र सहायता दिलाने के निर्देश दिए।
0
आग में झोपड़ी जली
सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तरया लच्छीराम चौराहे के पास शनिवार देर रात लगी आग में झोपड़ी जलकर नष्ट हो गई। शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जयलाल गुप्ता ने बताया कि आग लगने से झोपड़ी में रखी बाइक, साइकिल और पंपिंग सेट नष्ट हो गए। घर में बंधी दो बकरियां भी झुलसकर मर गईं। इसके अलावा खाद्य सामग्री, नकदी, कपड़े और मां-बेटी के आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए। संवाद