तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते दो जुलाई को हुई ऑनर किलिंग के मामले के खुलासे के लिए पुलिस तकरीबन सभी ठोस साबूत इकट्ठा कर चुकी है। पुलिस हिरासत में लिए गए ऑनर किलिंग के संदिग्धों का आमना-सामना करा रही है।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किए गए कुछ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को मामले के खुलासे में शामिल करने के लिए एक्सपर्ट टीम की ओर से हरी झंडी मिल गई है। कुछ इलेक्ट्राॅनिक साक्ष्यों का फिलहाल मिलान किया जा रहा है। उनकी मामले में महत्ता स्पष्ट होते ही उन्हें भी सुबूत के तौर पर जांच में शामिल कर लिया जाएगा।
पुलिस हिरासत में रखे गए घटना से जुड़े कुछ संदिग्धों ने घटना में खुद की संलिप्तता भी कबूल कर लिया है। कुछ नई-नई कहानी सुना रहे हैं जिन्हें दुरुस्त करने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। कुछ संदिग्धों को पुलिस ने इस ताकीद के साथ हिरासत से रिहा कर दिया कि जरूरत के मुताबिक उन्हें पुनः बुलाया जा सकता है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से अलग-अलग पूछताछ और बातचीत के बाद एक दूसरे से आमना -सामना कराकर क्रास एग्जामिन कर रही है। फिर तथ्यों का मिलान कराया जा रहा है। इसके लिए विशेष तौर पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है जो समूचे पूछताछ को लेखबद्ध कर रहे हैं। जांच में उजागर तथ्यों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।