एयरपोर्ट पर गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते सांसद विजय कुमार दुबे। स्रोत-सोशल मीडिया
कसया। बिहार के बेतिया पश्चिमी चंपारण की चुनावी सभा में जाने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां वह करीब 16 मिनट तक रुके और पार्टी नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हेलीकाप्टर से वह पश्चिमी चंपारण के लिए रवाना हो गए। इसको लेकर डीएम, एसपी अलर्ट रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। सीओ, एएसपी, एडीएम, एसडीएम की ड्यूटी भी सुरक्षा में लगाई गई थी।
गृहमंत्री अमित शाह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के विशेष विमान से दोपहर के निर्धारित समय 2:10 बजे के बजाय 2:20 बजे कुशीनगर एयरपोर्ट पर पहुंचे। 2:36 बजे वह बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से बेतिया के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रवानगी से पूर्व उन्होंने पार्टी के सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों से मुलाकात की। स्वागत करने वालों में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, सांसद विजय दूबे व देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक पीएन पाठक, मनीष जायसवाल, विवेकानंद पांडेय, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, डा. असीम राय, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गोंड, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष किरन राकेश जायसवाल, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी केशव कुमार व सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने गृहमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-शाह जिंदाबाद के नारे लगाए।