तमकुहीरोड। सेवरही के हनुमान मन्दिर में रविवार को भारी गहमागहमी के बीच स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया से हुए इस चुनाव में 157 मत पाकर हीरालाल सोनी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर स्वर्णकार समाज के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
सेवरही के हनुमान मन्दिर में स्वर्णकार समाज लोगों की एक विशेष बैठक हुई। सवर्णकार संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद को लेकर पांच लोगों ने दावेदारी की। सर्वसम्मति न बनते देख कर चुनाव अधिकारी दशरथ वर्मा, बैजनाथ वर्मा, दिनेश वर्मा, मारकंडे वर्मा, सुग्रीव वर्मा ने पर्ची से मतदान कराने का निर्णय लिया। सभी मतदाताओं को पर्ची बांट दी गई। बाद में मतदान की प्रक्रिया पूरी कर मतों की गिनती की गई। इसके बाद घोषित परिणाम के अनुसार हीरालाल सोनी को 157 मत मिले। जबकि चंद्रेश्वर वर्मा को 74 मत, संतोष वर्मा को 41 मत, राधेश्याम वर्मा को 20 मत और अर्जुन वर्मा को 12 मत मिले। इस तरह चुनाव अधिकारी ने हीरालाल सोनी को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की घोषणा कर दी।