पडरौना। आरओ व एआरओ अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर जाने और उनके आने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए यातायात पुलिस ने खास तैयारी की है। जिले के परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले मार्गों पर परीक्षा के दौरान सभी तरह के भारी वाहन और बड़े वाहनों का आवागमन ठप रहेगा।
इसके अलावा शहर के मुख्य मार्ग से लेकर परीक्षा केंद्र तक जगह-जगह यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आरओ व एआरओ की परीक्षा है। इसमें 8183 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर आवागमन के लिए जिले के व्यस्त मार्ग स्थित विद्यालयों में परीक्षा केंद्र तक जाने वाली सड़क पर परीक्षा के समय रूट डायवर्जन किया गया है।
परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले और परीक्षा समाप्त होने के एक घंटे बाद तक उन मार्ग पर कोई भी भारी और बड़े वाहनों का आगमन ठप रहेगा। यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उदित नारायण इंटर कॉलेज की तरफ से जाने वाली मार्ग पर परीक्षा के समय सभी तरह के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहेगा। इस दौरान उस रास्ते से जाने वाले वाहन शहर के कठकुइयां मोड से नोनियापट्टी की तरफ से बाईपास मार्ग पकड़कर अपने अंबेचौक की तरफ से जाएंगे।