पडरौना। एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार को दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद बारिश शुरू हुई तो तापमान में गिरावट महसूस की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना हो गया। इससे पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
दोपहर तक कभी आसमान में बादल तो कभी तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान में घने बादल छाने लगे। कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई। कहीं तेज तो कहीं रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के दौरान बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। हालांकि, गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई।
बारिश के बाद सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी भी उठानी पड़ी। वहीं, किसानों के लिए बारिश को उपयोगी माना जा रहा है। धान सहित खरीफ की अन्य फसलों के लिए बारिश से फायदा होने की उम्मीद है। बारिश थमने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवा चलने से वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस से काफी राहत मिली। शाम तक मौसम सुहाना रहने से बाजारों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ी।
बिजली गिरने से चार घरों के उपकरण जले
-छत का कोना हुआ क्षतिग्रस्त,गांव में मची अफरा-तफरी
कसया। शाहपुर कुरमौटा गांव में शनिवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से चार घरों में लगे उपकरण जल गए। पंखे, इनवर्टर, बैटरी, तार और सोलर उपकरण क्षतिग्रस्त होने के साथ ही एक मकान की छत का एक कोना भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
कुरमौंटा गांव में सुबह करीब 11 बजे बारिश शुरू हो गई। मेघ गर्जन के साथ शाहपुर कुरमौटा निवासी महेश के मकान के कोने पर बिजली गिर गई, जिससे छत का एक कोना क्षतिग्रस्त हो गया और घर में लगे दो पंखे जल गए। उनके पड़ोसी राम आशीष के घर में लगा इनवर्टर, बैटरी और एक पंखा जल गया। इसके अलावा रहमतुल्लाह और शाकिर के घरों में लगे पंखे व इनवर्टर भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, परिवार के किसी सदस्य के हताहत होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।