एनएचएम संविदा कर्मियों का सीएमओ कार्यालय पर धरना जारी, 12 अक्तूबर को इको गार्डन में करेंगे घेराव
इमरजेंसी छोड़ सीएचसी-पीएचसी समेत कई अस्पतालों की सेवाएं प्रभावित
नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग पर अड़े कर्मचारी
पडरौना। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं। शनिवार को भी सैकड़ों कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर मांगों को पूरा करने की मांग दोहराई। नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग पूरी नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। संघ ने 12 अक्तूबर को लखनऊ के इको गार्डन में घेराव-डेरा डालो महाआंदोलन में शामिल होने की तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रादेशिक आह्वान पर चल रहे चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे चरण में जिले के संविदा कर्मचारी लगातार कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। इसके चलते सीएचसी, पीएचसी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला संयुक्त चिकित्सालय और टीबी अस्पताल में इमरजेंसी को छोड़कर अन्य सेवाएं प्रभावित हैं। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय और गोरखपुर मंडल अध्यक्ष व जिला संरक्षक चंद्रशेखर यादव लड्डू ने कहा कि संविदा कर्मचारी 15 से 18 वर्षों से अल्प मानदेय पर स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बनकर काम कर रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं लेकिन नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन जैसी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि आंदोलन को कमजोर करने के लिए दबाव बनाया जा सकता है लेकिन कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। 12 अक्तूबर को हर हाल में लखनऊ के इको गार्डन पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाएंगे। इसके लिए बस, ट्रेन, ट्रक या निजी वाहनों से पहुंचने की तैयारी है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरनास्थल पर पहुंचे कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ के प्रदेश संप्रेक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संविदा कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने 12 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले महाआंदोलन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ समेत करीब एक दर्जन कर्मचारी संगठन और प्रदेश स्तर पर 28 कर्मचारी संगठन आंदोलन के समर्थन में हैं। शनिवार को हाटा, फाजिलनगर, सुकरौली, सेवरही, रामकोला, खड्डा, कुबेरस्थान, मोतीचक, दुदही, नेबुआ नौरंगिया, विशुनपुरा, कप्तानगंज, तमकुहीराज और कसया समेत सभी ब्लॉकों के कर्मचारी धरने में शामिल हुए।
इस दौरान जिलामंत्री राजू यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह, निशिकांत सिंह, विनोद कुमार, डॉ. सीमा आफताब, डॉ. पूनम यादव, लेखाकार कमल शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।