कसया सीएचसी के समीप मेडिकल स्टोर का जांच करते एसडीएम, एसीएमओ और जीएसटी के अधिकारी। संवाद
- फोटो : Archive
कसया। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम, स्वास्थ्य विभाग और जीएसटी की टीम ने नगर के एक मेडिकल स्टोर और पैथोलॉजी सेंटर पर छापा मारा। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर पैथोलॉजी को सील कर दिया गया। मेडिकल स्टोर का सीसीटीवी डीवीआर और जरूरी अभिलेख कब्जे में ले लिए गए। कार्रवाई से नगर के अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले समाधान दिवस में सीएचसी के डाक्टरों ने डीएम से कसया सीएचसी के समीप अजय मेडिकल स्टोर और राज पैथोलॉजी की शिकायत की थी। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल के नेतृत्व में एसीएमओ डॉ. अवधेश कुशवाहा, जीएसटी विभाग के एसटीओ रामभवन, ऋषि कुमार निगम, नायब तहसीलदार राहुल खरवार मौके पर पहुंचे। टीम ने मेडिकल स्टोर पर दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान मेडिकल स्टोर का सीसीटीवी डीवीआर भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया। वहीं एक अन्य मेडिकल स्टोर का डीवीआर भी अधिकारियों ने जांच के लिए जब्त किया। जांच के दौरान अधिकारियों को दवाओं के स्टॉक और बिल संबंधी अभिलेख संतोषजनक नहीं मिले। वहीं पैथोलॉजी सेंटर में भी आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा। उसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर, एसीएमओ और जीएसटी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान राज पैथोलॉजी को सील किया गया है, जबकि मेडिकल स्टोर से संबंधित जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
00000