रामकोला। थाना क्षेत्र के बैरिया खास गांव की रहने वाली एक महिला ने प्राथमिक विद्यालय बैरिया खास के हेडमास्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि 28 जनवरी की रात हेडमास्टर कार से उसके घर पहुंचे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला हेल्प डेस्क में दी गई तहरीर में ग्राम बैरिया खास निवासी साफरुन नेशा ने बताया कि रात को गांव के ही प्राथमिक विद्यालय बैरिया खास के हेडमास्टर सुभाष चंद्र कार से उसके घर आए और दरवाजा खोलने के लिए चिल्लाने लगे। आरोप है कि दरवाजे पर लात मारते हुए गालियां दी गईं। आवाज सुनकर जब वह बच्चों के साथ बाहर निकली तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
महिला का कहना है कि शोर सुनकर गांव के सुरेश यादव, हरेंद्र यादव और जकरुद्दीन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना महिला ने तत्काल डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में रामकोला थाने में महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष धनवीर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।