दीयों की रोशनी से जगमग हुआ रुद्रपुर
भटनी। दीपावली की पूर्व संध्या पर रविवार की देर शाम नगर स्थित जलपा माता मंदिर परिसर के छोटी गंडक घाट पर गंगा आरती व दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जलते दीपों की कतारों से पूरा घाट आलोकित हो उठा।
कार्यक्रम का संयोजन समाजसेवी कैप्टन रत्नाकर मिश्र ने किया। उनकी अगुवाई में हुए इस आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान हर-हर गंगे और जय मां जलपा के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
वाराणसी से आए पीठाधीशों ने गंगा आरती संपन्न कराई, वहीं स्थानीय गायक कलाकारों ने देवी गीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर सभी ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष रोहित मिश्र, सुमेश्वर नाथ तिवारी, अजित सिंह, सुरेंद्र सिंह, गणेश मिश्र, प्रवीण राय आदि उपस्थित रहे।