धान की रखवाली कर रहे तीन किसानों के खिलाफ प्राथमिकी, पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्से की कराई मरम्मत
अहिरौली बाजार(कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के गिदहा चक बैरिया गांव में रविवार रात अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। ईंट से प्रहार कर प्रतिमा के दाहिने हाथ का पंजा तोड़ दिया गया, जबकि सिर पर भी चोट के निशान मिले।
सोमवार सुबह इसकी जानकारी होने पर दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोग प्रतिमा स्थल पर धरने पर बैठ गए। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सात बजे प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे पहले भी प्रतिमा पर पान थूकने और उसकी उंगली तोड़ने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार ऐसी घटनाओं से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
सूचना पर थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों की मांग पर प्रतिमा के पास खलिहान की जमीन में खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य सामान हटवाया गया। पुलिस ने खलिहान में धान की रखवाली कर रहे सुभारत सिंह, कमल सिंह और गुलाब सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
प्रदर्शनकारी तीनों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े रहे। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अयोध्या भाई ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज करने और प्रतिमा की मरम्मत कराने की जानकारी दी। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे लोगों ने धरना समाप्त किया। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा के दाहिने हाथ के पंजे की मरम्मत कराई गई।
इस दौरान सूरज विद्यार्थी, समरेंद्र सिंह, अनुराग कुमार, शैलेश भारती, सत्यम कुमार, अरुण कुमार, रघुवीर कुमार, विजय कुमार, अवनीश कुमार, श्याम कुमार, सतीश कुमार, रंजीत कन्नौजिया, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष विचित्र मणि पांडेय और लेखपाल मनीष प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कोटतीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। गांव का माहौल शांत है। एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
डॉ. अजय सिंह, सीओ कसया
पहले भी हुई थी बेअदबी, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ता रहा आक्रोश
अहिरौली बाजार। गिदहा चक बैरिया गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद सोमवार को लोगों का गुस्सा पहले की घटनाओं को लेकर भी सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले प्रतिमा पर पान थूकने और एक बार उसकी उंगली तोड़ने की घटना हुई थी। उस समय लोगों ने विरोध जताया था, लेकिन समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हो गया। उनका आरोप था कि तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार ऐसी घटनाओं से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। इस बार प्रतिमा का पंजा तोड़े जाने के बाद वे केवल मरम्मत से संतुष्ट नहीं थे। उनकी मांग थी कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा स्थापित हो। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अयोध्या भाई ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। करीब पांच घंटे तक चले धरने के दौरान लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। संवाद