पहले चरण में चार ब्लॉकाें से ग्राम प्रधान और सदस्य के लिए दावेदारी करने वाले उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला शनिवार को होगा।
ग्राम प्रधान के 286 और सदस्य के 3730 उम्मीदवारों की जीत-हार का निर्णय 4,84,994 मतदाता करेंगे। 389 मतदान केंद्रों में से 120 संवेदनशील, 142 अति संवेदनशील और 39 अति संवेदनशील प्लस बूथों पर पुलिस और प्रशासन की तरफ से विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
ग्राम प्रधानों एवं सदस्याें के लिए पहले चरण में खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला और कप्तानगंज क्षेत्र के गांवाें में शनिवार को मतदान होगा। मतदान की समय सीमा प्रात: सात बजे से सायं साढ़े चार बजे तक निर्धारित की गई है।
खड्डा क्षेत्र में ग्राम प्रधान की 75, नेबुआ नौरंगिया में 77, रामकोला में 58 और कप्तानगंज में 76 ग्राम प्रधानों का चुनाव होना है। इसी तरह खड्डा में 977, नेबुआ नौरंगिया में 991, रामकोला में 772 और कप्तानगंज में 990 सदस्यों के लिए मतदान होगा। इस तरह पहले चरण में इन ब्लॉकों के कुल 266 ग्राम प्रधानों और 3730 सदस्यों के लिए मतदान होगा। 484994 मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे।
खड्डा क्षेत्र में 30 सामान्य, 22 संवेदनशील, 15 अति संवेदनशील और 26 अति संवेदनशील प्लस बूथ हैं।
नेबुआ नौरंगिया में 21 सामान्य, 67 संवेदनशील, नौ अति संवेदनशील एवं 13 अति संवेदनशील प्लस बूथ बनाए गए हैं। रामकोला में एक सामान्य, चार संवेदनशील, 91 अति संवेदनशील बूथ हैं। कप्तानगंज में 36 सामान्य, 27 संवेदनशील तथा 27 अति संवेदनशील बूथ हैं। इन बूथों पर पुलिस और प्रशासन की तरफ से विशेष निगरानी रहेगी।