खड्डा विकास खंड में प्रधान और सदस्य पद के लिए पहले चरण के चुनाव में 28 नवंबर को मतदान होना है। विकास खंड के कुल 75 में से 72 ग्राम सभा में प्रधान पद के लिए चुनाव होना है। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए खड्ढा थाने की पुलिस ने 2565 तथा हनुमानगंज पुलिस ने 193 लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया है। चुनाव की दृष्टि से खड्डा थाना क्षेत्र के बरवारतनपुर, करदह, कोहरगड्डी, गैनही जंगल, सालिकपुर तथा हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा, रामनगर, छितौनी, बुलहवा, भेड़ीहरवा आदि गांव को अतिसंवेदनशील की श्रेणी के रूप में चिह्नित किया गया है। इन गांवों में मतदान के लिए बूथों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। इसके अलावा अति संवेदनशील श्रेणी में खड्डा थाना के सोहरौना, लखुआ, नरायनपुर, भैसहा, शिवपुर, भुजौली, एकडंगी, रामपुर गोनहा, मदनपुर, भेड़ी जंगल, मठिया, शाहपुर, महदेवा और हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा, तीनबरदहा, नरकहवा गांवों को शामिल किया गया है। सीओ गोरखनाथ का कहना है कि अधिक धनराशि लेकर मुचलका भरवाया जा रहा है। चुनाव के दौरान शांतिभंग की कोशिश की गई तो आरोपियों से धनराशि वसूलने के साथ ही जेल भी भेजा जाएगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे।
दो गांवों में विशेष सतर्कता
खड्डा। गंडक नदी पार बसे बसन्तपुर, मरिचहवा गांव की सीमा बिहार के जंगल से लगी है। प्रधान पद के लिए दोनों गांवों में कुल ग्यारह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रत्याशियों के संबंध में सीमा से सटे बिहार राज्य के कुछ गांवों के लोगों से है। इसलिए प्रशासन और पुलिस की तरफ से इन गांवों में शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।