गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन की टीम ने हवाई अड्डे का किया दौरा
कसया (कुशीनगर)। गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन की सात सदस्यीय टीम ने बुधवार को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का दौरा किया। यह टीम एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी जानकारी साझा की।
एयरफोर्स स्टेशन टीम का दौरा आपात स्थिति में इस एयरपोर्ट के इस्तेमाल एवं स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। एयरफोर्स की सात सदस्यीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के नए-पुराने टर्मिनल बिल्डिंग, एप्रन, एटीसी, फायर ब्रिगेड, रन-वे, बिजली घर, मोबाइल एटीसी आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद सुरक्षा प्रबंधों पर भी विस्तार से जानकारी ली। हवाई अड्डे के महाप्रबंधक संजय नारायण व उपमहाप्रबंधक व सुरक्षा अधिकारी संतोष मौर्य ने सुरक्षा कारणों से टीम के सदस्यों का नाम नहीं बताया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर एयरफोर्स परिक्षेत्र में यह हवाई अड्डा आता है। वायुसेना अधिकारियों ने आपात स्थिति में इस एयरपोर्ट के इस्तेमाल का अध्ययन किया है। उन्होंने यहां की व्यवस्था पर संतोष जताया है।