पडरौना। कलक्टेट सभागार में बुधवार को पोषण समिति की समीक्षा बैठक हुई। शनिवार तक पोषण ट्रैकर एप पर सभी सीडीपीओ वितरण की सूचना फीड कराने और कार्य नहीं करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के लिए सीडीओ ने निर्देश दिए।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बैठक में होमविजिट, आधार वेरीफिकेशन, पोषाहार वितरण में खराब प्रगति वाले सीडीपीओ को सेक्टरवार 10-10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाकर पोर्टल पर फीडिंग कराने का निर्देश दिया। कहा कि शनिवार तक सभी केंद्र पर कराए गए पोषाहार वितरण का डाटा फीड कराएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी और सीडीपीओ कार्य नहीं करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध आरोप पत्र निर्गत करें या उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई करें। सीडीओ ने पोषण माह में वितरण गतिविधि तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत दवा वितरण और गोदभराई समेत कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान डीपीओ एसके राय, बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, डीसी मनरेगा राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।