संतकबीरनगर/मेंहदावल। जनपद में संचालित सभी सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाएं शनिवार को शैक्षिक भ्रमण बुद्ध परिनिर्वाण स्थली कुशीनगर के लिए रवाना हुईं। उप शिक्षा निदेशक डॉ. शबीहा मुमताज ने झंडी दिखा कर उन्हें रवाना किया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक विद्यालय की बालिकाओं की सुरक्षा हेतु बस में महिला आरक्षी की व्यवस्था की गई। बालिकाओं के साथ 15 बालिकाओं पर एक महिला अध्यापक व वार्डन बच्चियों के साथ हैं। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अभय प्रताप शाह ने बताया कि अब बच्चों के शैक्षिक उन्नयन हेतु शासन की मंशा के अनुरूप ऐतिहासिक स्थलों को देखने और समझने अपनी धरोहरों के बारे में परिचित कराने के उद्देश्य से यह भ्रमण कार्यक्रम कुशीनगर के लिए कराया जा रहा है।
कस्तूरबा आवासी बालिका विद्यालय में अध्ययनरत 700 बालिकाओं को महात्मा बुद्ध के परिनिर्वाण स्थल के आसपास प्राचीन उत्खनन के साथ महास्तूप सहित अन्य देशों द्वारा निर्मित बौद्ध मंदिरों तथा बौद्ध संग्रहालय को दिखाया जाएगा, जिससे बालिकाओं में भारतीय प्राचीन इतिहास के संदर्भ में महात्मा बुद्ध के योगदान एवं महात्मा बुद्ध के दर्शन के साथ-साथ तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था से परिचित कराया जाएगा। कार्यक्रम में पुलिस विभाग का सहयोग सराहनीय रहा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अध्ययनरत प्रत्येक बालिका को ट्रेवलिंग बैग स्टेशनरी टी-शर्ट टॉप आई कार्ड सहित अन्य व्यवस्थाएं जनपद स्तर से उपलब्ध कराई गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जिला प्रशासन विशेष तौर पर पुलिस विभाग एवं विद्यालय के वार्डन एवं अध्यापिकाओं काे धन्यवाद दिया और कहा कि आगे भी शासन के मंशा के अनुरूप जो भी निर्णय व आदेश प्राप्त होंगे उनका अनुपालन कराया जाएगा।