पडरौना में रामकोला रोड पर लगा जाम। संवाद
पडरौना। शहर के सुभाष चौक से कोतवाली की तरफ से जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे ढाला पर मंगलवार को रेल लाइन को उठाकर गर्डर रखा गया। इसके चलते सुबह छह से दिन के करीब तीन बजे तक रेलवे ढाला के रास्ते सभी तरह के वाहनों का आवागमन ठप रहा।
सुभाष चौक पेट्रोल पंप के पास से रूट डायवर्जन कर दिया था, लेकिन यातायात पुलिस की तरफ से मुकम्मल इंतजाम नहीं होने के चलते शहर में आने जाने वाले राहगीर पूरे दिन जाम की समस्या से परेशान रहे। लोगों को जाम से निकलने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग गया। दिन में करीब तीन बजे जब रेलवे ढाला संख्या 68 से आवागमन आवागमन शुरू हुआ, तब जाकर जाम से परेशान लोगों को राहत मिली।
कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पडरौना शहर के बीच होकर गुजरता है। शहर में आने वाले लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो इसके लिए रेल लाइन पर पांच स्थानों पर रेलवे ढाला बनाया गया है। इस रास्ते जब भी काेई ट्रेन आती है, तो शहर के सभी रेलवे ढाला एक साथ बंद हो जाता है। रेलवे ढाला बंद होते ही शहर दो हिस्सों में बंट जाता है। ट्रेन जाने के बाद जैसे ही रेलवे ढाला खुलता है वैसे ही रेलवे लाइन के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है।
करीब दोनों तरफ 150 से 200 मीटर तक जाम लग जाता है। इस जाम से निकलने में लोगों को 20 से 25 मिनट तक समय लग जाता है। लोगों की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सुभाष चौक से कोतवाली जाने वाले शहर के मुख्य मार्ग पर अंडर पास और कठकुइयां रोड से भूतनाथ कॉलोनी, नोनियापट्टी के रास्ते अंबे चौक जाने वाली बाईपास पर नोनियापट्टी रेलवे ढाला पर आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है।
सुभाष चौक से कोतवाली जाने वाले मार्ग पर बन रहे अंडर पास निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए मंगलवार को रेल लाइन के नीचे गर्डर लगाया गया, अंडर पास का निर्माण कार्य होने तक रेल गाड़ियों का आवागमन प्रभावित न हो।
इसके लिए मंगलवार की सुबह छह बजे से दिन के करीब तीन बजे तक यहां गर्डर रखने का कार्य किया गया। इस दौरान सुभाष चौक से रेलवे ढाला के रास्ते कोतवाली जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहा।