पडरौना। पुलिस ने पांच माह में 251 बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ 26 लाख 40 हजार की संपत्तियों को जब्त किया है। इसमें पशु तस्करी के 218, चोरी के 31 और महिला अपराध से जुड़े दो मामलों में इन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस की यह कार्रवाई अब भी जारी है।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि जिले की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने की गरज से यह कार्रवाई की जा रही है। महज पांच माह में ही इतनी बड़ी संख्या में बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि कुशीनगर जिले के 123, अमरोहा के दो, अयोध्या के तीन, गोंडा के एक, गोरखपुर के 12, चित्रकूट के एक, देवरिया के 27, फर्रूखाबाद के दो, बागपत के एक, महराजगंज के एक, मुरादाबाद के सात, मुजफ्फरनगर के एक, मेरठ के तीन, रामपुर के छह, शामली के तीन, शाहजहांपुर के एक, संभल के चार, गोपालगंज के 34, पश्चिमी चंपारण के छह, सिवान और छपरा के एक-एक, पटना के दो, बगहा के एक, अमृतसर के पांच, तरनतारन के दो और ऊधमसिंह नगर के एक बदमाश के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए इनकी 4 करोड़ 26 लाख 40 हजार की संपत्तियों को जब्त किया गया है।